इटारसी। प्रूफ पब्लिक स्कूल में 13 सितंबर, 2025 को पहली बार अंतर विद्यालय हिन्दी वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का आयोजन स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती शीतल सलारिया के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें तीसरी, चौथी और पांचवी कक्षा के छात्रों ने भाग लिया।
यह प्रतियोगिता छात्रों को अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में इटारसी के विभिन्न विद्यालयों पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 02, सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल, वर्धमान पब्लिक स्कूल और प्रूफ पब्लिक स्कूल के छात्रों ने हिस्सा लिया।
सभी प्रतिभागियों ने अलग-अलग विषयों पर गहराई से शोध कर अपने तर्क और विचार प्रस्तुत किए, जिनकी निर्णायक मंडल ने काफी सराहना की। निर्णायक मंडल में डीवी पाटिल (एसएसओ एडम) और श्रीमती दीप नागियाल शामिल थे, जिन्होंने सभी छात्रों के प्रयासों की प्रशंसा की। प्रतियोगिता के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही, प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
पुरस्कार प्राप्त करने वाले छात्रों में प्रूफ पब्लिक स्कूल से कुणाल राय, नियति बीलवंशी, कार्तिक रघुवंशी, अथर्व पटेल और दीक्षा विनाक्या शामिल थे। सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल से प्राप्ति पांडे, स्वास्ति श्रीवास्तव, नितिक्षा भारद्वाज और आशिरीय मसीह को भी सम्मानित किया गया। प्रूफ पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती शीतल सलारिया ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती रहेंगी, ताकि छात्रों को अपने कौशल विकसित करने और अपनी प्रतिभा को निखारने का मौका मिल सके।









