इटारसी। राष्ट्रीय राजमार्ग 46 पर आदिवासी पंचायत केसला में निर्माण एजेंसी की लापरवाही ग्रामीणों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। ग्राम सभा में इस गंभीर मुद्दे को लेकर सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया गया है, जिसमें अधूरी नाली और बंद स्ट्रीट लाइटों की समस्या के तत्काल निराकरण की मांग की गई है।
2500 मीटर नाली अधूरी, बढ़ रही हैं बीमारियां
ग्राम सभा में ग्रामीणों ने बताया कि एनएचएआई ने सड़क निर्माण के दौरान ग्राम केसला में दोनों ओर पक्की नाली का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया है। लगभग 2500 मीटर लंबी यह अधूरी नाली अब हादसों का केंद्र बन गई है। इसमें गिरकर कई मवेशियों की अकाल मृत्यु हो चुकी है। साथ ही, नाली में जमा गंदा पानी गंभीर बीमारियों को न्योता दे रहा है और इसकी वजह से श्रद्धालुओं को प्रसिद्ध हनुमान मंदिर जाने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सोलर स्ट्रीट लाइट का काम भी ठप
ग्रामीणों ने टेंडर की शर्तों का हवाला देते हुए बताया कि निर्माण एजेंसी को नदी से लेकर जनपद पंचायत कार्यालय और थाना परिसर स्थित बड़ी पुलिया तक सोलर स्ट्रीट लाइट लगानी थी। लेकिन स्थिति यह है कि कई स्थानों पर खंभे अधूरे छोड़ दिए गए हैं, कुछ जगहों से खंभे निकाल लिए हैं, मुख्य मार्ग का आधा हिस्सा अंधेरे में डूबा रहता है, जिससे रात के समय दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित
ग्राम पंचायत केसला ने शनिवार को हुए बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए प्रस्ताव पारित किया। ग्रामीणों का कहना है कि जब निर्माण एजेंसी को पक्की नाली और सोलर लाइट का कार्यादेश जारी हुआ था, तो फिर यह काम अधूरा क्यों छोड़ा गया? ग्राम सभा ने अब इस मामले में उच्च अधिकारियों से हस्तक्षेप कर अधूरे कार्यों को जल्द पूर्ण कराने की मांग की है।









