इटारसी। नगर पालिका परिषद इटारसी द्वारा वार्ड क्रमांक 2 स्थित कैलाश विहार कॉलोनी में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नपा अध्यक्ष पंकज चौरे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती रितु मेहरा और उपाध्यक्ष निर्मल सिंह राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। शिविर में कुल 18 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अतिक्रमण पर नोटिस : कैलाश विहार और दीवान कॉलोनी में घरों के बाहर अवैध चबूतरे और जाली लगाने संबंधी 8 आवेदनों पर संज्ञान लेते हुए दोषियों को नोटिस जारी कर विधिवत कार्रवाई के निर्देश दिए।
सफाई में लापरवाही पर दंड : कचरा कलेक्शन गाड़ी के 3-3 दिन गायब रहने पर वाहन चालक के वेतन में कटौती की गई। अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि लापरवाही दोबारा होने पर सीधे सेवा मुक्ति की जाएगी। वार्ड सुपरवाइजर प्रदीप मैना को रोटेशन अनुसार नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
वर्मा कॉलोनी विवाद : लगभग 40 महिलाओं ने शिकायत की कि वर्मा कॉलोनी मुख्य मार्ग पर दो महिलाओं द्वारा कचरा फेंकने और आवारा पशुओं को खाना खिलाने से गंदगी व दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। इस पर एसडीएम, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।
विकास कार्य : जमानी रोड से असुरक्षित ब्रेकर हटाने, 6 स्थानों पर रोड व नाली निर्माण और 4 पाइपलाइन लीकेज को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
खाली प्लॉटों पर जुर्माना : खाली प्लॉटों में गंदगी फैलाने वालों को बाउंड्री वॉल बनाने का नोटिस दिया जाएगा। आदेश न मानने पर 1000 रुपये प्रतिदिन के मान से जुर्माना वसूला जाएगा।
अन्य समाधान : दीवान कॉलोनी में नामांतरण की फाइलों को एसडीएम कार्यालय भेजने और त्रिशला नंदन गार्डन के पास मार्ग उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।
इनका कहना है…
जनता की समस्याओं के प्रति कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अतिक्रमण हटाने और सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
- पंकज चौरे, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद इटारसी









