- कांग्रेस नेता और समाजसेवी तरुण पोपली के भतीजे थे पुलकित पोपली
- रात में दो साथियों के साथ कार से इटारसी से भोपाल के लिए निकले थे
- बुदनी टोल नाके के पास एक डंपर से टकराने से हुआ है दर्दनाक हादसा
इटारसी। शहर के युवा और पंजाबी समाज (Punjabi Samaj) के होनहार पुलकित पोपली (Pulkit Popli) का बीती रात बुदनी टोल नाके (Budni Toll Naka) के पास हुए सडक़ हादसे में निधन हो गया। उसके साथ के दो अन्य युवा घायल हो गये हैं। पुलकित कांग्रेस (Congress) नेता और समाजसेवी तरुण पोपली (Tarun Popli) के भतीजे तथा व्यावसायी अशोक पोपली (Ashok Popli) के बेटे थे।
बुदनी टोल नाके के पास हुए हादसे में कार में सवार घायल दो अन्य को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल में भर्ती किया है। पुलकित अपने दो साथियों के साथ कार से भोपाल (Bhopal) जाने के लिए रात में इटारसी (Itarsi) से निकले थे। बुदनी टोल नाके के पास उनकी कार एक डंपर से टकराने से हादसा होने की जानकारी मिली है। हादसे में तीनों युवकों को चोटें आई थी। घायलों को बुदनी के शासकीय अस्पताल ले जाया गया जहां पुलकित को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलकित ड्राइवर सीट के बाजू वाली सीट पर बैठा था। वहीं एक अन्य युवक पीछे वाली सीट पर था। हादसे में कार सवार अन्य दोनों युवकों को भी गंभीर चोटें आई हैं। मृतक का बुदनी अस्पताल में पोस्ट मॉर्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे की सूचना के बाद पुलकित के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि पुलकित की एक 5 साल की बेटी है और उनकी पत्नी बड़ौदा स्थित बैंक में पदस्थ हैं।









