नर्मदापुरम/बुधनी। बुधनी रेलवे स्टेशन के पास एक पार्क में 14 फीट लंबा अजगर मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर रेस्क्यू के लिए पहुंचे सर्प मित्र अशोक परे पर अजगर ने हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए।
यह घटना शुक्रवार शाम करीब 7:45 बजे की है। जैसे ही लोगों ने पार्क में विशालकाय अजगर को देखा, उन्होंने तुरंत इसकी सूचना सर्प मित्र अशोक परे को दी। अशोक मौके पर पहुंचे और अजगर को पकड़ने का काम शुरू किया।

रेस्क्यू के दौरान, जब अजगर को बोरी में डाला जा रहा था, तभी अचानक बोरी का मुंह खुल गया। अजगर ने इस मौके का फायदा उठाकर अशोक के हाथ पर हमला कर दिया और अपनी पकड़ मजबूत कर ली। मौके पर मौजूद लोगों ने बड़ी मुश्किल से अजगर की पकड़ छुड़ाई।
इस हमले में अशोक के हाथ पर गहरा घाव हो गया और सूजन आ गई। घटना के तुरंत बाद, उन्हें बुधनी के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज किया जा रहा है।



