इटारसी। स्थानीय रेलवे जंक्शन पर रेल प्रशासन की अदूरदर्शिता का खामियाजा एक बार फिर आम यात्रियों को भुगतना पड़ा। शनिवार को गाड़ी संख्या 20423 सिवनी-फिरोजपुर एक्सप्रेस का प्लेटफार्म अचानक बदल दिए जाने से स्टेशन पर भारी गहमा-गहमी और अव्यवस्था का माहौल निर्मित हो गया।
खाली था प्लेटफार्म, फिर भी बदली जगह
जानकारी के अनुसार, ट्रेन को निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक प्लेटफार्म नंबर एक पर आना था। बड़ी संख्या में यात्री अपने भारी सामान के साथ प्लेटफार्म नंबर एक पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। हैरानी की बात यह रही कि प्लेटफार्म नंबर एक पूरी तरह खाली होने के बावजूद, ट्रेन आने के ठीक पहले रेल प्रशासन द्वारा इसे प्लेटफार्म नंबर दो पर लेने की उद्घोषणा (अनाउंसमेंट) की गई।
बुजुर्गों और दिव्यांगों की बढ़ी मुसीबत
प्लेटफार्म बदलने की सूचना मिलते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। अपना भारी सामान लेकर एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म की ओर दौड़ते यात्रियों के कारण स्टेशन पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस लापरवाही का सबसे बुरा असर बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों पर पड़ा, जिन्हें सीढिय़ां चढ़कर दूसरे प्लेटफार्म तक पहुंचने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
यात्रियों में आक्रोश
स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने रेल प्रशासन की इस कार्यप्रणाली पर कड़ा रोष व्यक्त किया है। यात्रियों का कहना है कि जब प्लेटफार्म नंबर एक खाली था, तो जानबूझकर ट्रेन को दूसरे प्लेटफार्म पर क्यों भेजा गया? इस तरह की अचानक घोषणाएं न केवल असुविधाजनक हैं, बल्कि व्यस्त समय में बड़े हादसे को न्यौता भी दे सकती हैं।









