इटारसी। वेस्ट सेंटर रेलवे एम्प्लॉयज यूनियन के तत्वावधान और एससी/एसटी एसोसिएशन के सहयोग से शुक्रवार को अंतर विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। इस टूर्नामेंट में रेलवे की कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
फ्रेन्डली मैच से हुई शुरुआत
प्रतियोगिता का उद्घाटन एक रोमांचक फ्रेन्डली मैच के साथ हुआ, जिसमें इटारसी के वरिष्ठ अधिकारियों, सुपरवाइजरों और कर्मचारियों ने एक साथ मिलकर खेल भावना का परिचय दिया। डीजल टीम की कमान आशीष झारिया ने संभाली। विद्युत शेड टीम का नेतृत्व मुफीद खान ने किया। बेहद कड़े मुकाबले में अधिकारियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें अंतत: विद्युत शेड की टीम विजयी रही। मुख्य अतिथि वरिष्ठ मंडल इलेक्ट्रिकल इंजीनियर एमडी कोरी ने टॉस कराकर मैच की शुरुआत की और खुद मैदान पर उतरकर खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर पमरे एम्पलाइज यूनियन के मंडल अध्यक्ष आरके यादव, मंडल सचिव मनोज रैकवार, उपाध्यक्ष सुनील कुमार और एससी/एसटी एसोसिएशन के मंडल अध्यक्ष हितेश डोंगरे सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। संचालन डीजल शाखा सचिव नितेश देवडे ने किया। टूर्नामेंट को सफल बनाने में आयोजन समिति के नरेश पाठक, अनुभव पाल, ललित रघुवंशी, और कादिर खान सहित पूरी टीम सक्रिय रही। रेलवे के इस आयोजन का उद्देश्य कर्मचारियों के बीच कार्य के तनाव को कम करना और आपसी बंधुत्व को बढ़ावा देना है।









