इटारसी। बारिश (Rain) और तेज हवा के कारण बिजली की व्यवस्था हिल गयी। शहर के अधिकांश हिस्से एक से डेढ़ घंटे अंधेरे में रहे तो ग्रामीण अंचलों में भी चार से छह घंटे कई गांवों को बिजली नहीं मिली। शहर के औद्योगिक क्षेत्र में भी छह घंटे विद्युत आपूर्ति (Power supply) बाधित रही। गुरुवार को शहर और आसपास कई जगहों पर तेज आंधी के साथ जमकर बारिश हुई, जिससे बिजली व्यवस्था बिगड़ गई। शुक्रवार को सुबह तक विद्युत वितरण विभाग का अमला सुधार कार्य में जुटा रहा। सीमित अमला होने से काम की गति अवश्य धीमी रही। लेकिन, सुबह तक सुधार कार्य पूर्ण कर लिया। गुरुवार की आधी रात तेज आंधी, बारिश, लाइटनिंग के कारण इटारसी और जमानी सब स्टेशन से जुड़े गांवों की बिजली व्यवस्था बिगड़ गई। आंधी के कारण बिजली व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हुई। आंधी व बारिश थमने के बाद विभाग के पथरोटा से और जमानी का अमला फाल्ट की तलाश में निकला। शह में तो एक से डेढ़ में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई थी। लेकिन अधिकांश गांवों में पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ गई।
काम पर भी कोरोना का प्रभाव
विभाग के पास नियमित कर्मचारियों का वैसे ही टोटा है, उस पर आउट सोर्सिंग से काम चलाया जा रहा था। लेकिन, इसके भी अधिकांश कर्मचारी या तो स्वयं कोरोना से संक्रमित हैं या फिर उनके परिजन। ऐसे में कर्मचारी भी होम कोरेन्टाइन होने से काम प्रभावित हो रहा है। सीमित कर्मचारियों के भरोसे विद्युत वितरण विभाग विद्युत व्यवस्था को सुधारने के प्रयास में लगे है।
यहां हुई लोगों को परेशानी
गुरुवार की रात मालवीयगंज में गोल्डन गार्डन के पास लगा ट्रांसफार्मर अत्यधिक गर्मी और लोड बढऩे से धू-धू करके जल उठा। विभाग के कर्मचारियों का जानकारी मिलने पर उन्होंने पहुंचकर लंबे समय तक मेहनत की और रात करीब सवा बजे मालवीयगंज क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था सुचारू हो सकी। इस दौरान रात साढ़े दस बजे से लोग गर्मी और मच्छरों के बीच परेशान होते रहे। इसी तरह से ट्रैक्टर स्कीम सब स्टेशन (Tractor Scheme Sub Station) में एक डीटीआर खराब होने जाने के कारण पुरानी इटारसी और कोर्ट फीडर से जुड़े क्षेत्रों में करीब एक घंटे विद्युत प्रवाह बाधित रहा। कर्मचारियों ने लगातार मेहनत करके व्यवस्था में सुधार किया। इस दौरान शहर प्रबंधक डेलन पटेल (City Manager Delon Patel) सोशल मीडिया पर लोगों को लगातार जानकारी देते रहे।
जमानी सब स्टेशन के गांव प्रभावित
जमानी क्षेत्र में बीती रात हुई बारिश के बाद जमानी सब स्टेशन से जुड़े कई गांवों में विद्युत व्यवस्था बाधित हो गयी। पथरोटा के जेई मनीष पंद्रे (JE manish pandre) ने बताया कि सब स्टेशन से जुड़े चार से पांच गांवों में विद्युत व्यवस्था प्रभावित हुई थी। इसके अलावा रात करीब डेढ़ बजे औद्योगिक क्षेत्र बंद हुआ था जो सुबह 6 बजे चालू हो गया। गांवों की व्यवस्था भी सुबह लगभग 11 बजे तक सुचारू कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण उनके पास महज 25 फीसद स्टाफ ही है, जिससे काम चलाया जा रहा है।