इटारसी। नर्मदापुरम जिले में बारिश का दौर जारी है। नदियों और जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार सुबह तक मिली जानकारी के अनुसार, जिले में औसतन 11.23 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जिसमें सोहागपुर तहसील में सर्वाधिक 51 मिमी बारिश हुई है।
तवा बांध का जलस्तर
लगातार वर्षा के कारण तवा बांध का जलस्तर अपने अधिकतम स्तर को पार कर गया है। 16 सितंबर, 2025 की रात 12:30 बजे तक, बांध का जलस्तर 1166.27 फीट (355.48 मीटर) दर्ज किया गया, जो इसके पूर्ण जलाशय स्तर 1166.0 फीट (355.40 मीटर) से 100.87 प्रतिशत अधिक है।
बांध में पानी की आवक 37,089 क्यूसेक है, जिसे देखते हुए प्रबंधन ने 5 गेटों को 7-7 फीट तक खोल दिया है। इससे 44,054 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके अतिरिक्त, पावर हाउस से भी 3,673 क्यूसेक पानी निकल रहा है। इस तरह, तवा नदी में कुल 47,727 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन ने तवा और नर्मदा नदी के किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों से नदी के किनारों पर न जाने की अपील की है।
- जिले में वर्षा की स्थिति
- सोहागपुर : 51 मिमी (कुल 1387.00 मिमी)
- नर्मदापुरम : 14.1 मिमी (कुल 1377.2 मिमी)
- बनखेड़ी : 8.6 मिमी (कुल 1517.8 मिमी)
- सिवनीमालवा : 2 मिमी (कुल 1084.0 मिमी)
- इटारसी : वर्षा निरंक (कुल 1189.4 मिमी)
- माखननगर : वर्षा निरंक (कुल 823.00 मिमी)
- पिपरिया : वर्षा निरंक (कुल 1314.00 मिमी)
- डोलरिया : वर्षा निरंक (कुल 1008.6 मिमी)
गर्मी और उमस से परेशानी
जिले में गत वर्ष की अपेक्षा अधिक वर्षा होने और लगभग हर रोज रिमझिम होने के बावजूद तीखी धूप निकलने से गर्मी असहनीय हो रही है। उमस की परेशानी से बचने लोग पंखों का सहारा ले रहे हैं। हवाएं भी उतनी तेज नहीं हैं जो आमजन को गर्मी से राहत दिलाये। घर के बाहर लोग पसीने से तर-बतर हो रहे हैं, तीखी धूप असहनीय हो रही है, हालांकि घर के भीतर पंखों का सहारा राहत दे रहा है।









