इटारसी। नगर पालिका परिषद इटारसी के तत्वावधान में आयोजित श्रीरामलीला एवं दशहरा महोत्सव में आज दर्शकों ने अद्भुत लीलाओं का मंचन देखकर भक्ति और रोमांच का अनुभव किया।
ऐतिहासिक गांधी मैदान और नवनिर्मित वीर सावरकर स्टेडियम, पुरानी इटारसी, दोनों ही स्थानों पर दर्शकों की भारी भीड़ देर रात तक जमी रही।आज की प्रस्तुति में रावण-वाणासुर संवाद, धनुष यज्ञ, धनुष भंजन और अत्यंत लोकप्रिय लक्ष्मण-परशुराम संवाद के प्रसंगों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
संवाद अदायगी ने दर्शकों को किया भाव विभोर
गांधी मैदान में, श्री बालकृष्ण लीला संस्थान वृंदावन के कलाकारों ने रावण और बाणासुर के अहंकार से भरे संवाद, धनुष यज्ञ की तैयारियों, श्रीराम द्वारा धनुष भंजन, और इसके बाद हुए लक्ष्मण-परशुराम संवाद का भावपूर्ण मंचन किया। इन कलाकारों की बेहतरीन कलाकारी और सशक्त संवाद अदायगी ने दर्शकों को मर्यादा पुरुषोत्तम राम के आदर्शों और लक्ष्मण के तेज से बांधे रखा।
आज वरिष्ठ नेता विश्वनाथ सिंघल, मुकेश मैना, नीरज जैन, संदीप तिवारी, दीपक अठौत्रा, कैलाश रैकवार, श्रीमती वंदना ओझा, सीमा भदौरिया, रमेश धूरिया और आकाश कुशराम ने भगवान की आरती करके रामलीला मंचन की शुरुआत करायी। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे और उनकी पत्नी श्रीमती निधि चौरे भी हर रोज रामलीला में पूरे वक्त समय देकर मंचन देख रहे हैं।
इसी तरह, पुरानी इटारसी के वीर सावरकर मैदान में श्री जगदंबा मंडल सतना के कलाकारों ने भी रावण-बाणासुर संवाद और धनुष यज्ञ में देश-विदेश के राजा-महाराजाओं द्वारा किए गए असफल प्रयासों का मंचन किया।न गर पालिका परिषद के इस आयोजन में, हर वर्ग के दर्शक बड़ी संख्या में रामलीला का मंचन देखने पहुंच रहे हैं और हर दिन प्रसंगों के समाप्त होने के बाद ही अपनी सीट से उठ रहे हैं, जो उनकी गहरी आस्था और उत्साह को दर्शाता है।
कल शाम निकलेगी भव्य श्रीराम बारात
रामलीला के स्वयंवर प्रसंग के समापन के बाद, कल यानी 26 सितंबर की शाम को 5 बजे नगर में भव्य श्रीराम बारात निकाली जाएगी। यह बारात श्री द्वारिकाधीश बड़ा मंदिर से प्रारंभ होगी।इस दौरान विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा और नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पंकज चौरे भगवान राम सहित चारों राजकुमारों का तिलक कर पूजन-अर्चन करेंगे।
बारात श्री द्वारिकाधीश मंदिर से होते हुए पुराना फल बाजार, आठवी लाइन, सराफा बाजार, नीमवाड़ा, जयस्तंभ चौक और रेस्ट हाउस के सामने से गुजरते हुए अंत में गांधी स्टेडियम पहुंचेगी, जहां भगवान श्रीराम का विवाह संपन्न होगा। नगर पालिका अध्यक्ष ने सभी नागरिकों से इस भव्य बारात में शामिल होकर धर्म लाभ लेने का अनुरोध किया है।










