इटारसी। ऑर्डिनेंस फैक्ट्री इटारसी के रिहायशी और काम-काजी क्षेत्रों में एक सप्ताह के भीतर दूसरे तेंदुए को पिंजरे में सफलतापूर्वक फंसाकर वन विभाग ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। इस त्वरित कार्रवाई से परिसर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले कर्मचारियों और नागरिकों को बड़ी राहत मिली है, जो पिछले कुछ दिनों से वन्यजीवों की मौजूदगी के कारण दहशत में थे।
एक हफ्ते में दूसरा तेंदुआ पकड़ाया
वन विभाग ने पिछले सप्ताह एक तेंदुए को पकडऩे के बाद एहतियाती तौर पर निगरानी जारी रखी थी। इसी प्रयास के तहत लगाए गए पिंजरे में दूसरा तेंदुआ फंस गया। लगातार दो तेंदुओं के पकड़े जाने से यह स्पष्ट हो गया है कि फैक्ट्री का जंगली क्षेत्र इन वन्यजीवों का ठिकाना बन गया था, जिससे परिसर के भीतर सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई थीं।
वन विभाग की कुशलता की सराहना एक सप्ताह के भीतर दो खतरनाक वन्यजीवों को सुरक्षित पकडऩे के लिए वन विभाग की टीम ने जिस कुशलता और तत्परता का प्रदर्शन किया है, उसकी स्थानीय प्रशासन और नागरिकों ने सराहना की है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों तेंदुओं को उनके स्वास्थ्य की जांच के बाद सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्कता बनाए रखें और जंगली जानवरों के दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें।








