इटारसी। क्रांतिकारी किसान मजदूर संगठन ने मध्यप्रदेश के समस्त किसान संगठन, मीडिया, केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मूंग खरीद के लिए पंजीयन की तिथि घोषित होने पर आभार व्यक्त किया है। संगठन के जिलाध्यक्ष हरपाल सिंह सोलंकी ने कहा कि सरकार ने मूंग खरीदी की घोषणा कर दी।
19 तारीख से रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। परंतु अभी भी स्थिति असमंजस में है, गाइडलाइन तय नहीं है कि कितने क्विंटल प्रति एकड़ मूंग खरीदी की जाएगी। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया है कि 15 क्विंटल प्रति हेक्टेयर मूंग खरीदी की जाए और बारिश का समय है, इसलिए खरीदी केंद्र 5-6 किलोमीटर के दायरे में रहे इससे किसानों को मूंग ले जाने में अधिक परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि मूंग कटाई लगभग पूरी होने को है, अब धान लगाने के लिए किसान तैयार है, परंतु पूरे जिले में अभी तक खाद की व्यवस्था नहीं है।
डीएपी खाद धान के लिए बहुत जरूरी है, जो ढूंढने से 1 किलो भी नहीं मिल रहा है। जिले की प्रत्येक सोसायटियों में कोई भी खाद नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया है कि किसान को खेत में रहकर काम करने दें, आंदोलन के लिए मजबूर न करें। अभी आंदोलन स्थगित है, खत्म नहीं किए हैं। 19 तारीख तक देख रहे हैं, यदि किसानों की पूरी मूंग की खरीदी नहीं होती, किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिलता तो आंदोलन निश्चित तौर पर किए जाएंगे।









