इटारसी। हरियाणा के करनाल स्थित कल्पना चावला ऑडिटोरियम में 28 से 30 नवंबर तक आयोजित वल्र्ड पॉवरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025 में इटारसी की बेटी ऋषिका पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मैडल हासिल किया है। प्रतियोगिता में भारत, इंग्लैंड और ब्रिटेन सहित कई देशों की टीमें शामिल थी। ऋषिका ने सब-जूनियर 48 किलोग्राम वेट कैटेगरी में प्रतिस्पर्धा की। उन्होंने कुल 65 किलोग्राम वजन उठाकर पहला स्थान प्राप्त किया।
ऋषिका की इस जीत ने न केवल मध्य प्रदेश, बल्कि पूरे भारत का गौरव बढ़ाया और भारतीय टीम के कुल स्कोर को मजबूती प्रदान की। मेहनत और अनुशासन का फल ऋषिका पटेल इटारसी पॉलिटेक्निक कॉलेज में कंप्यूटर साइंस की 6 वे सेमेस्टर की छात्रा हैं। उनके पिता राकेश पटेल इटारसी के पत्रकार हैं। ऋषिका के कोच ने बताया कि वह बेहद मेहनती, अनुशासित और अपने लक्ष्य पर केंद्रित खिलाड़ी हैं। उनके नियमित और कठोर अभ्यास ने उन्हें इस अंतर्राष्ट्रीय मंच पर सफलता दिलाई।
कोच ने ऋषिका को भविष्य में राष्ट्रीय और एशियाई स्तर पर एक मजबूत दावेदार माना है। ऋषिका ने अपनी इस जीत का श्रेय अपने माता-पिता, कोच और कॉलेज प्रबंधन को दिया। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने को अपने लिए गर्व का क्षण बताया। ऋषिका की इस शानदार उपलब्धि पर उनके परिवार और इटारसी क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और खेलप्रेमियों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।









