इटारसी। रेलवे सुरक्षा बल ने तत्परता दिखाते हुए केरल के एक 65 वर्षीय बुजुर्ग को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द किया। बुजुर्ग अल्जाइमर रोग से पीडि़त हैं और यात्रा के दौरान भूलवश स्टेशन पर उतर गए थे।
5 मार्च 2026 को जीआरपी त्रिशूर से सूचना मिली कि कृष्णन एनवी 65 वर्ष गाड़ी संख्या 12625 केरला एक्सप्रेस से इटारसी स्टेशन पर उतर गए हैं। निरीक्षक इटारसी ने तुरंत वाट्सअप ग्रुप के माध्यम से स्टाफ को अलर्ट किया और सीसीटीवी कैमरों की मदद से तलाश शुरू की। प्लेटफॉर्म नंबर 4-5 पर तैनात आरक्षक दिनेश कुमार को हुलिए के आधार पर बुजुर्ग बैठे हुए दिखाई दिए, जिनकी पहचान कृष्णन एन वी के रूप में हुई।
भूलवश स्टेशन पर उतरे थे बुजुर्ग
परिजनों से संपर्क करने पर पता चला कि बुजुर्ग अपनी पत्नी के साथ त्रिशूर से दिल्ली की यात्रा कर रहे थे और गलती से इटारसी उतर गए। आरपीएफ ने उन्हें सम्मानपूर्वक पोस्ट पर बैठाकर चाय, नाश्ता और भोजन कराया। 6 मार्च को उनके भतीजे विजिश वीजे के इटारसी पहुंचने पर, आवश्यक कागजी कार्यवाही के बाद बुजुर्ग को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया।









