इटारसी। होली और रमजान जैसे प्रमुख त्योहारों को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए रेल सुरक्षा बल पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। भोपाल मंडल के निर्देश पर आरपीएफ पोस्ट इटारसी द्वारा स्टेशन और ट्रेनों में अवैध गतिविधियों के खिलाफ एक विशेष ‘इन्सेंटिव ड्राइव’ चलाई जा रही है।
ड्रोन और आधुनिक तकनीक से घेराबंदी
इस अभियान की सबसे खास बात सुरक्षा में आधुनिक तकनीक का समावेश है। आरपीएफ अब केवल जमीन पर ही नहीं, बल्कि आसमान से भी अराजक तत्वों पर नजर रख रही है। ड्रोन कैमरों के जरिए स्टेशन के आउटरों और संवेदनशील सेक्शनों की निगरानी की जा रही है। जवानों को बॉडी वॉर्न कैमरों से लैस किया गया है ताकि कार्रवाई की पारदर्शिता बनी रहे।
सीसीटीवी कंट्रोल रूम से संदिग्ध गतिविधियों पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है।
दो दिनों में 76 लोगों पर गाज

आरपीएफ की विशेष टीमें जिसमें अपराध खुफिया शाखा और विशेष खुफिया शाखा शामिल हैं, ने सेक्शन और ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई के परिणाम स्वरूप 26 फरवरी को 31 व्यक्तियों के खिलाफ रेल अधिनियम के तहत कार्रवाई की तथा 27 फरवरी को 45 अनाधिकृत व्यक्तियों को पकड़ा गया। दो दिनों के भीतर कुल 76 उल्लंघनकर्ताओं पर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई गई है।
अवैध वेंडरों और वसूली करने वालों पर प्रहार
त्योहारों के दौरान यात्रियों को लूट खसोट से बचाने के लिए बल द्वारा अनाधिकृत रूप से खानपान बेचने वाले वेंडरों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही, ट्रेनों में यात्रियों से जबरन पैसे मांगने वाले किन्नरों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाकर उन्हें पकड़ा जा रहा है। आरपीएफ के अनुसार त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। ड्रोन और आधुनिक कैमरों के उपयोग से हम उन इलाकों तक भी पहुंच रहे हैं जहां पैदल गश्त कठिन होती है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।









