---Advertisement---

‘संवाद 2025 : 2047 का भारत कैसा हो, विषय पर बच्चों ने रखा अपना विजन

By
On:
Follow Us

इटारसी। कविवर पं.भवानी प्रसाद मिश्र ऑडिटोरियम में आज पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक नर्मदापुरम डॉ.सीतासरन शर्मा के मार्गदर्शन एवं नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे की अध्यक्षता में ‘संवाद 2025, 2047 का भारत कैसा हो और इसमें हमारी भूमिका’ का आयोजन किया। संवाद 2025 कार्यक्रम में शहर के दो स्कूल सेंट जोसेफ कॉन्वेंट और एमजीएम स्कूल के करीब सौ बच्चे आए और एक दर्जन से अधिक बच्चों ने इस विषय पर अपनी राय रखी।  बच्चों ने एक परिपक्व नागरिक का परिचय देते हुए आत्मविश्वास से 2047 के भारत पर अपना विजन पेश किया।

बच्चों ने कृषि, रक्षा, शिक्षा, तकनीकि, रोजगार, जल, सोलर एनर्जी, बराबरी का हक, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण सुधार जैसे मुद्दों पर भार को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया तो बेरोजगारी, करप्शन, महिलाओं के प्रति अपराध, टैक्स चोरी, परीक्षाओं में गंभीरता की कमी, आईआईटी और नीट जैसे विषयों पर सीटों की कमी, सायबर सुरक्षा का अभाव, गरीबी, भुखमरी, हिन्दी की दुर्दशा, सड़कों पर घूमते मवेशी, महंगी शिक्षा और चिकित्सा जैसे विषयों पर गहरी चिंता भी जाहिर की। 

विधायक ने दर्ज किये विचार

कार्यक्रम में विधायक डॉ.सीतासरन शर्मा ने सभी बच्चों को पूरी गंभीरता से सुना और उनके विचार एक डायरी में दर्ज किये और अपने उद्बोधन में सभी बच्चों के विचारों को देश और राज्य के शिक्षा मंत्रियों तक पहुंचाने का वादा किया। उन्होंने इस तरह के कार्यक्रम आयोजन के लिए नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पंकज चौरे को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि जो बच्चे समयाभाव के कारण अपने विचार रखने से वंचित रह गये हैं, वे उनके और नगर पालिका अध्यक्ष के वाट्सअप नंबर पर लिखकर भेज सकते हैं, ताकि उनको भी शामिल किया जा सके। 

मोदी की राय भी आपकी तरह

डॉ. शर्मा ने कहा कि जितने भी बच्चों ने यहां अपनी राय रखी है, लगभग सभी विषयों को छुआ है। सब आधुनिक भारत की सोच वाले विचार हैं और हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि 74 वर्ष के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विचार भी बिलकुल आपकी ही तरह हैं। उन्होंने कहा कि जब वे आप जैसे बच्चों की उम्र में थे, तब हम भी जैसे भारत की कल्पना करते थे, उसके अनुसार बहुत काम हो गये हैं, हालांकि बहुत काम होना अभी बाकी भी है। कभी गांवों में सड़कें नहीं होती थीं, अटल जी ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से गांवों और शहरों की दूरी कम कर दी, गांवों में 70 फीसद सड़कें पक्की हैं, स्कूलों में पहले की अपेक्षा सुविधाएं हैं, मेडिकल की सुविधाएं बढ़ी हैं, सिंचाई के साधन और रकबा काफी बढ़ा है, अनाज उत्पादन बढ़ा है, तकनीकि तौर पर काफी विकास हुआ है, रक्षा के क्षेत्र में हम ताकतवर हुए हैं। इन सबके बावजूद अभी काफी कुछ होना शेष है, 2047 के भारत का जो सपना आपने देखा है, उसे पूरा भी आपको ही करना है, क्योंकि आप ही देश का भविष्य हैं। 

नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष पंकज चौरे ने बताया कि यह कार्यक्रम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा की मंशा से आयोजित किया गया है। बच्चों ने इस कार्यक्रम में काफी शिद्दत से अपने विचार रखे हैं, हमने राष्ट्रीय और स्थानीय स्तर के विचारों को डायरी में दर्ज किया है, उन पर काम होगा, इसका विश्वास दिलाते हैं। कार्यक्रम का संचालन  शिक्षक चंद्रेश मालवीय ने किया। 

Rohit Nage

Rohit Nage has 30 years' experience in the field of journalism. He has vast experience of writing articles, news story, sports news, political news.

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel
error: Content is protected !!
Narmadanchal News
Privacy Overview

This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.