इटारसी। सनाढ्य ब्राह्मण सभा की मासिक बैठक का आयोजन आज श्री शंकर मंदिर, एंगल चाल के सत्संग सभागार में किया गया। बैठक की अध्यक्षता पूर्व सभा अध्यक्ष जीपी दीक्षित ने की। इस अवसर पर सभा के सदस्यों ने रेलवे स्टेशन के सामने स्थित हनुमान मंदिर को गोठी धर्मशाला परिसर में विस्थापित किए जाने के कारण आवागमन में हुई सुगमता पर विशेष रूप से हर्ष व्यक्त किया।
बैठक का आरंभ प्रेरक गीत इतनी शक्ति हमें देना दाता के सामूहिक गायन के साथ हुआ। सभा ने सबसे पहले माह में जन्मदिन वाले सदस्यों राजकुमार दुबे, सुनील उपाध्याय, संतोष शर्मा, महेंद्र पचौरी, आशुतोष दुबे, और नीलेश पाराशर—को बधाई दी और उनके सुखद जीवन की कामना की।
इन निर्णयों पर बनी सहमति
- स्थापना दिवस : सभा का 29 वॉ स्थापना दिवस कार्यक्रम जो पूर्व में 26 अक्टूबर को आयोजित होना था, उसे अपरिहार्य कारणों से स्थगित करते हुए अब नवंबर माह में आयोजित करने पर सहमति बनी।
- दीपावली मिलन समारोह : सदस्यों ने एकजुटता बनाए रखने और सामाजिक मेल-जोल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दीपावली के शुभ अवसर पर मिलन समारोह आयोजित करने पर भी सहमति जताई।
- मंदिर विस्थापन पर हर्ष : सदस्यों ने रेलवे स्टेशन के सामने स्थित हनुमान मंदिर को विस्थापित कर गोठी धर्मशाला परिसर में स्थापित करने के निर्णय पर संतोष व्यक्त किया। उनका मानना था कि इस विस्थापन से स्टेशन के आसपास आवागमन अधिक सुगम हो गया है, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को सुविधा हुई है।
शोक व्यक्त और विचार विमर्श
बैठक के दौरान, सनाढ्य ब्राह्मण परिवार के परिजन सुमंत्रा मिश्रा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया गया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में चंद्रकांत शर्मा, सुनील मिश्रा, जेपी शर्मा, पवन दुबे, राजकुमार दुबे, राजेश तिवारी, जीपी दीक्षित, आशुतोष दुबे, संतोष शर्मा, सुनील उपाध्याय सहित अन्य सदस्यों ने विभिन्न सामाजिक और संगठनात्मक मुद्दों पर अपने बहुमूल्य विचार साझा किए।









