इटारसी। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के 32 वें स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी भोपाल स्थित निर्वाचन भवन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस गौरवशाली अवसर पर आयोग की स्टेट ब्रांड एंबेसडर सारिका घारू को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और नवाचारी जागरूकता अभियानों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
दिग्गजों ने सराहा सारिका का जज्बा
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत, पूर्व राज्य निर्वाचन आयुक्त आर. परशुराम, वर्तमान राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव एवं सचिव दीपक सिंह ने सारिका घारू को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया। अतिथियों ने मतदाता जागरूकता के क्षेत्र में सारिका के निरंतर प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
जागरूकता और नवाचार
सारिका घारू को यह सम्मान मुख्य रूप से मतदाता जागरूकता के तहत दूर-दराज के क्षेत्रों में लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति शिक्षित करना, पंचायत उपचुनावों के दौरान पेपरलेस इलेक्शन प्रक्रिया में जनभागीदारी सुनिश्चित करना, जटिल निर्वाचन प्रक्रियाओं को सरल भाषा में आम जनता तक पहुंचाना जैसे नवाचार के लिए मिला है।
पपेट शो बना आकर्षण का केंद्र
सम्मान समारोह के दौरान सारिका घारू ने अपने चिर-परिचित अंदाज में एक पपेट शो (कठपुतली प्रदर्शन) की प्रस्तुति दी। इसके माध्यम से उन्होंन आयोग के पेपरलेस इलेक्शन अभियान की सफलता को दर्शाया, चुनाव मोबाइल एप के उपयोग और फायदों के बारे में जानकारी दी। मध्यप्रदेश द्वारा अन्य राज्यों को ईवीएम उपलब्ध कराने जैसी तकनीकी उपलब्धियों को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया।
उल्लेखनीय है कि सारिका घारू लंबे समय से आयोग की ब्रांड एंबेसडर के रूप में जमीनी स्तर पर कार्य कर रही हैं, जिससे मतदान प्रतिशत बढ़ाने और युवाओं को लोकतंत्र से जोडऩे में बड़ी सफलता मिली है।









