इटारसी। स्टेशन वाले हनुमान मंदिर के प्रस्तावित विस्थापन को लेकर असहमति जताते हुए सर्व हिंदू समाज संगठन ने आज नर्मदापुरम की कलेक्टर सुश्री सोनिया मीणा से मुलाकात की। इस दौरान संगठन के सदस्यों ने कलेक्टर के समक्ष मंदिर की भूमि के स्वामित्व, नक्शे और विस्थापन में होने वाले अनुमानित खर्च से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
चर्चा के दौरान, कलेक्टर ने तत्काल इटारसी के एसडीएम टी. प्रतीक राव से फोन पर संपर्क कर मामले की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों को यह आश्वासन दिया कि मंदिर के विस्थापन से संबंधित कोई भी कार्य हिंदू संगठनों की सहमति के बिना नहीं किया जाएगा।
संगठन की कुछ प्रमुख मांगें
- मंदिर को हटाए बिना, उसके पीछे के अतिक्रमण को हटाकर 16 फीट चौड़ी सड़क का निर्माण किया जा सकता है।
- मंदिर हटाना आवश्यक है, तो मंदिर के लिए आवंटित की जा रही जगह का स्वामित्व और रजिस्ट्री मंदिर के नाम की जाए।
- सभी हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों को मंदिर समिति में सदस्य बनाया जाए।
- नए मंदिर का नक्शा, गुंबद की ऊँचाई, कीर्तन कक्ष का क्षेत्रफल और निर्माण बजट सार्वजनिक किया जाए।
- नाला मोहल्ला रोड पर अतिक्रमण कर बनाई गई सभी मजारों को तुरंत अतिक्रमण मुक्त किया जाए।
इस भेंट के दौरान सर्व हिंदू समाज संगठन से हिंदू महाशक्ति संघ के जितेंद्र राजवंशी और ललित मालवीय उपस्थित रहे। विश्व हिंदू परिषद से चेतन राजपूत, अनिरुद्ध चंसोरिया, अनूप तिवारी, नितिन मेश्कर और प्रखर राज शर्मा मौजूद थे। वहीं, राष्ट्रीय बजरंग दल का प्रतिनिधित्व अजय राजपूत ने किया।









