इटारसी। नगरपालिका परिषद इटारसी द्वारा पुरानी इटारसी में 1.5 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित वीर सावरकर स्टेडियम और दशहरा मैदान का लोकार्पण तथा वीर सावरकर की प्रतिमा का अनावरण आज किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद, विधायक और नपाध्यक्ष सहित भाजपा नेताओं ने वीर सावरकर की वीरता का बखान किया और विपक्ष, विशेषकर राहुल गांधी पर जमकर राजनीतिक हमले किए।
कार्यक्रम में सांसद दर्शन सिंह चौधरी, विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, मप्र तैराकी संघ अध्यक्ष पीयूष शर्मा, नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे, पुरानी इटारसी मंडल अध्यक्ष मयंक मेहतो, जयकिशोर चौधरी, शिवकिशोर रावत सहित पुरानी इटारसी के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। सांसद ने कविता के जरिए दी श्रद्धांजलि सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने सावरकर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वीर सावरकर को इतिहास में अकेले दो-दो आजन्म कारावास की सजा मिली। उन्होंने कहा, ‘आलोचना की चिंता नहीं, हमारी मंशा सही काम करने की है।’ सांसद ने एक कविता के माध्यम से सावरकर की देशभक्ति का बखान किया।
- > पूजे न शहीद गए तो फिर, यह पंथ कौन अपनाएगा।
- > चूमेगा फन्दे कौन, गोलियां कौन वक्ष पर खाएगा।
- > पूजे न शहीद गए तो फिर आजादी कौन बचाएगा।
उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता (राहुल गांधी का नाम लिए बिना) पर हमला करते हुए कहा कि उन्होंने संविधान को जेब में रखकर उसका अपमान किया, जबकि संविधान कोई जेब में रखने की चीज नहीं है।
विधायक ने कांग्रेस को घेरा,ये देश नहीं, जाति देखती है
विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर तीखा हमला किया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा 1970 में सावरकर पर डाक टिकट जारी करने का उल्लेख करते हुए कहा, अरे कांग्रेसियों तुम राहुल बाबा की बात नहीं मानो, वह तुम्हें समुद्र में डूबा देगा। यह (कांग्रेस) देश की नहीं सोचते, ये सेना में जाति खोजते हैं। उन्होंने सावरकर को बदनाम करने वालों को गद्दार बताते हुए कहा कि अगर सावरकर को बदनाम किया तो राष्ट्र के लिए काम करने वाला कोई नहीं बचेगा। विधायक ने इटारसी में गुंडों और ब्लैकमेलरों को खत्म करने का संकल्प दोहराया।
नपाध्यक्ष का ‘बाबा की मंडली’ पर तंज
नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने वीर सावरकर स्टेडियम के नामकरण का विरोध करने वाले कांग्रेसी पार्षदों और कार्यकर्ताओं पर तंज कसा। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा आज बाबा (राहुल) पचमढ़ी आए हुए हैं। भगवान संयोग बना देता है, जो सबसे ज्यादा विरोध करते हैं वे उनके सामने ही हम वीर सावरकर की प्रतिमा अनावरण कर रहे हैं। प्रभु ने उन्हें यहां पहुंचाया कि जाओ और वहां इतिहास पढ़ो। नपाध्यक्ष ने विरोध करने वाले कांग्रेसियों को ‘बाबा की मंडली’ और ‘विकास विरोधी’ बताया। उन्होंने इन विरोधियों पर इनडोर स्टेडियम का काम रुकवाने और ऑडिटोरियम के काम में बाधा डालने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने ब्लैकमेलरों को खत्म करने का संकल्प लेते हुए कहा कि सीएमओ रितु मेहरा ने इनसे डरने से मना कर दिया और ‘हम नगरपालिका के ब्लैकमेलरों को खत्म करेंगे।’
नव-निर्मित स्टेडियम की मुख्य विशेषताएं
- लागत : 1.5 करोड़ रुपए।
- उद्देश्य : खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना और सांस्कृतिक आयोजन।
- क्षमता : 1500 से 1800 दर्शकों की सिटिंग कैपेसिटी।
- मैदान का आकार : 110 मीटर (लंबा) और 100 मीटर (चौड़ा)।
- अन्य सुविधाएं: प्रवेश के लिए 5 गेट और खिलाडिय़ों के लिए 4 हॉल (मीटिंग और स्पोट्र्स सामग्री हेतु)।









