रितेश राठौर, केसला। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ब्लॉक केसला के समस्त आंगनवाड़ी केंद्रों पर राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय विशेष जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। 22 से 24 जनवरी तक चलने वाले अभियान का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को समान अधिकार, सुरक्षित वातावरण और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करना है।
अभियान की मुख्य विशेषताएं
कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में लैंगिक भेदभाव को समाप्त करने और बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने पर जोर दिया गया। केंद्रों पर आयोजित बैठकों में पुरुषों को भी शामिल किया गया ताकि परिवार के स्तर पर बदलाव लाया जा सके। ग्राम पंचायत भवन केसला में महिलाओं की सुरक्षा हेतु विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर पर्यवेक्षक सुश्री वंदना देवहरे, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सरिता राठौर और श्रीमती विनीता सिलुकर सहित स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं। उत्कृष्ट कार्य करने वाली बालिकाओं को प्रोत्साहित भी किया गया।
ग्राम कोहदा में राष्ट्रीय बालिका दिवस

सेक्टर छीतापुरा के ग्राम पंचायत कोहदा में राष्ट्रीय बालिका दिवस पर कार्यक्रम में बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को लेकर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। कायक्रम के मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि विष्णु प्रसाद ने अपने संबोधन में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को सफल बनाने के लिए सामूहिक भागीदारी की अपील की।
कार्यक्रम में उपसरपंच प्रकाश यादव, कृषि विस्तार अधिकारी अत्तर सिंह कास्दे और स्वास्थ्य विभाग से सीएचओ अजय धुर्वे ने भी बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य और आत्मनिर्भरता पर अपने विचार रखे। सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती सुषमा काजले और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किशोरी बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग किया। अंत में उपस्थित ग्रामीणों और अतिथियों ने बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए सदैव सहयोग करने का संकल्प लिया।









