इटारसी। शहर के स्कूल वाहन चालकों की समस्याओं के निराकरण और उनके हितों की रक्षा के लिए स्कूल वाहन चालक संघ जनकल्याण समिति की प्रथम आवश्यक बैठक हुई। इस बैठक में सर्वसम्मति से संघ का विधिवत गठन किया गया और कार्यकारिणी के महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां की गईं।
नई कार्यकारिणी का चुनाव
बैठक में संघ के सुचारू संचालन के लिए पदाधिकारियों का चयन किया गया, जिसमें विनय सिंह राजपूत को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। अन्य प्रमुख नियुक्तियों में उपाध्यक्ष राहुल चौरे, सचिव मनीष ठाकुर, कार्यकारिणी अध्यक्ष आलोक पाराशर, कोषाध्यक्ष संजय मेहरा, मीडिया प्रभारी नितिन तिवारी निक्की, अध्यक्ष सलाहकार मनीष गालर को शामिल किया। नवनियुक्त अध्यक्ष विनय सिंह राजपूत ने बताया कि संघ का मुख्य उद्देश्य स्कूल वाहन चालकों के कल्याण के लिए कार्य करना और आपसी सामंजस्य बनाए रखना है।
बैठक में अन्य रिक्त पदों पर नियुक्ति को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई, जिनकी घोषणा आगामी कुछ दिनों में की जाएगी। सभी निर्वाचित पदाधिकारी बहुत जल्द आधिकारिक तौर पर अपना पदभार ग्रहण करेंगे। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर संघ की मजबूती के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्कूल वाहन चालक सदस्य उपस्थित रहे।









