इटारसी। किसानों को सही दर और मात्रा में खाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से, आज एसडीएम टी प्रतीक राव और तहसीलदार शक्ति सिंह तोमर, कृषि अधिकारी सुनील उईके ने नगर में स्थित अग्रवाल फर्टिलाइजर और गोठी फर्टिलाइजर दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, अधिकारियों ने दुकानों में उपलब्ध डीएपी/यूरिया के स्टॉक, बिल और स्टॉक-पंजी का गहनता से सत्यापन किया।
उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि दुकानों पर स्टॉक का सही रिकॉर्ड रखा जा रहा है और किसानों को नियमानुसार खाद बेची जा रही है। एसडीएम ने दुकान संचालकों को स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए कि खाद वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों को डीएपी और यूरिया निर्धारित दर पर और निर्धारित मात्रा में ही विक्रय किया जाए। किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अधिक मूल्य वसूलने की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि आगामी दिनों में अन्य निजी फर्टिलाइजर प्रतिष्ठानों की भी इसी तरह से औचक जांच की जाएगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी किसानों को उनकी आवश्यकतानुसार खाद उचित मूल्य पर उपलब्ध हो सके। यह कदम किसानों के हितों की रक्षा करने और कृषि कार्यों में किसी भी बाधा को दूर करने के लिए उठाया गया है।









