इटारसी। महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाने के लिए इटारसी में एचपीवी टीकाकरण अभियान जोर-शोर से जारी है। शुक्रवार को सिविल अस्पताल में एसडीएम नीतेश शर्मा की अध्यक्षता में शहरी टास्क फोर्स कमेटी की बैठक में अभियान की समीक्षा कर इसे और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
- लक्ष्य : ऐसी बालिकाएं जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है और 15 वर्ष से कम हैं।
- निर्देश : एसडीएम ने सभी स्कूल प्राचार्यों और महिला बाल विकास विभाग को पात्र बालिकाओं की सूची जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
- टीकाकरण समय : सिविल अस्पताल में अवकाश के दिनों को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक टीका लगाया जा रहा है।
- अनिवार्य दस्तावेज : अभिभावकों को अपनी बालिका का आयु संबंधी दस्तावेज और मोबाइल नंबर साथ लाना होगा।
अधीक्षक डॉ. आरके चौधरी ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए यह टीका पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है। एसडीएम नीतेश शर्मा ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बिना किसी भ्रांति के बालिकाओं का टीकाकरण करवाकर उनके सुरक्षित भविष्य में सहभागी बनें। बैठक में शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आशा कार्यकर्ता और एएनएम सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।









