इटारसी। देश के महत्वपूर्ण रेलवे जंक्शन इटारसी स्टेशन पर इन दिनों सुरक्षा को लेकर एक बड़ी चिंता पैदा हो गई है। स्टेशन के पार्सल ऑफिस के ठीक पीछे, पुराने बस स्टैंड के सामने की दीवार तोड़े जाने के बाद यह क्षेत्र असामाजिक तत्वों का अड्डा बन गया है। मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे यहां नए निर्माण कार्य की तैयारी कर रहा है, जिसके लिए यह दीवार तोड़ी गई है। योजना के तहत, इसी टूटी दीवार की जगह से अब पार्सल ऑफिस का सामान बाहर भेजा जाना है और रेलवे के चार पहिया वाहनों का प्रवेश होना है।
रात में बढ़ा असुरक्षा का माहौल
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, दीवार टूटने के बाद रात के समय असामाजिक तत्व इस खुले रास्ते से आसानी से रेलवे परिसर में घुसने लगे हैं। चिंताजनक बात यह है कि कुछ लोग यहां शराबखोरी करने भी पहुंच रहे हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल असुरक्षित हो गया है।
चोरी और अप्रिय घटना का डर
स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने आशंका जताई है कि असामाजिक तत्वों की घुसपैठ के कारण पार्सल ऑफिस में रखा महंगा सामान चोरी हो सकता है। यह रास्ता सीधे स्टेशन के प्लेटफॉर्म तक जाता है, जिससे ट्रेन यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है और किसी भी समय कोई अप्रिय घटना घट सकती है।
रेल प्रशासन से 24 घंटे सुरक्षा की मांग
यात्रियों और स्थानीय लोगों ने रेल प्रशासन से इस गंभीर खतरे को तत्काल संज्ञान में लेने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि जब तक यहां नया निर्माण नहीं हो जाता, तब तक इस टूटे हुए प्रवेश मार्ग पर 24 घंटे सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएं, ताकि रेलवे परिसर में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।








