इटारसी। नगर पालिका स्वच्छता विभाग के सभापति राकेश जाधव ने आज बाजार क्षेत्र में पूड़ी लाइन और चिकमंगलूर चौराहे के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया।
इस दौरान गंदगी देखकर उन्होंने कर्मचारियों को फटकार लगाई और दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने की सख्त हिदायत दी। सभापति जाधव ने दुकानदारों से कहा कि अगर गंदगी रहेगी तो कौन खाना खाएगा? अब स्वच्छता की जिम्मेदारी आप सबकी भी है। हर दुकान के आगे डस्टबिन रखना अनिवार्य है, अन्यथा गंदगी पाए जाने पर जुर्माना लगाया जाएगा।
उन्होंने चिकमंगलूर चौराहे पर एक होटल संचालक द्वारा नाली पर जाली लगाकर नाली बंद करने पर नाराजी जताई और कहा कि यदि जाली नहीं हटाई गई तो जेसीबी से तोडऩे की कार्यवाही की जाएगी। विशेष सफाई अभियान में स्वच्छता विभाग के कमल आर्य, मोहन कंडारे, सौरभ चावरे और नरेश धारू सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।








