इटारसी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के 58 पदों पर नियुक्ति के लिए बुधवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय, इटारसी में विकासखंड स्तरीय चयन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम प्रतीक राव ने की।
इस अवसर पर एसडीएम प्रतीक राव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आवेदनों पर निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शासन के नियमानुसार कार्यवाही की जाए। उन्होंने समिति सदस्यों को चयन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से बचने और पात्रता के आधार पर ही चयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
परियोजना अधिकारी, महिला एवं बाल विकास इटारसी ने जानकारी दी कि इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनकी प्रारंभिक जांच की गई है। जल्द ही पात्र अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा, जिसके बाद चयन प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
बैठक में नगर पालिका परिषद इटारसी की ओर से मुख्य नगर पालिका अधिकारी रितु मेहरा, समिति सदस्य श्रीमती नाजिया बेगम एवं श्रीमती अमृता सिंह ठाकुर, और परियोजना अधिकारी दीप्ति शुक्ला उपस्थित रहीं।








