इटारसी। स्थानीय गोठी धर्मशाला में वरिष्ठ नागरिक मंच की मासिक बैठक डॉ. विनोद कुमार सीरिया की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मंच ने प्रमुखता से मांग उठाई कि पूरे देश की तर्ज पर मध्य प्रदेश में भी सीनियर सिटीजन आइडेंटिटी कार्ड का ऑनलाइन पोर्टल तुरंत खोला जाए। पोर्टल बंद होने के कारण प्रदेश के बुजुर्ग शासन की छह महत्वपूर्ण सुविधाओं के लाभ से वंचित हैं।
प्रमुख मांगें और निर्णय
स्वास्थ्य सुविधा : शहर में शासकीय आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक औषधालय खोले जाएं।
बुनियादी ढांचा : भवानी प्रसाद मिश्र ऑडिटोरियम में बुजुर्गों की सुविधा हेतु शीघ्र लिफ्ट लगाई जाए।
आगामी कार्यक्रम : 16 मार्च को ग्राम भीलखेड़ी में आयोजित दंत स्वास्थ्य शिविर में सहभागिता की अपील की गई।
नई कार्यकारिणी का गठन
मंच के सत्र 2026-27 की नवीन कार्यकारिणी का निर्वाचन 29 मार्च को निर्धारित किया गया है, जिसके लिए मुरली मनोहर दीक्षित को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। बैठक के दौरान राजेंद्र दुबे, शिवनारायण बुधौलिया सहित अन्य सदस्यों का जन्मदिन मनाया गया। अंत में कवि टीआर चौलकर की कविता सतपुड़ा की गोरियां की प्रस्तुति के साथ बैठक का समापन हुआ। इस अवसर पर विजय मंडलोई, उषा चिमानिया, डॉ. ज्ञानेंद्र पांडे सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।









