इटारसी। वरिष्ठ नागरिक मंच (senior citizens forum) के सदस्यों ने मंच अध्यक्ष राजकुमार दुबे के नेतृत्व में रेल मंत्री के नाम का ज्ञापन जोनल रेल उपयोगकर्ता समिति के सदस्य राजा तिवारी को सौंपकर, वरिष्ठ नागरिकों की रेल किराए में रियायत की निरस्त की गई सुविधा एवं दैनिक यात्रियों की निरस्त की गई एमएसटी सुविधा को पुन: बहाल करने की मांग की है।
वरिष्ठ नागरिक राजकुमार दुबे ने कहा कि भारतीय रेल प्रशासन ने कोरोना महामारी (corona pandemic) के चलते विगत मार्च 2020 से यात्री रेलगाडिय़ों में वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराए में दी जाने वाली रियायत एवं दैनिक यात्रियों को दी जाने वाली एमएसटी सुविधा को निरस्त कर दिया था, जिससे वरिष्ठ नागरिकों एवं पढ़ाई के उद्देश्य आवागमन करने वाले छात्र-छात्राओं व डेली अप डाउन करने वाले यात्रियों को भारी आर्थिक बोझ के साथ अनेक परेशानियों से सामना करना पड़ रहा था ।
दुबे का कहना है कि भारतीय रेल प्रशासन (Indian Railway Administration) के द्वारा 13 नवंबर 2021 से विशेष यात्री गाडिय़ों के परिचालन एवं विशेष आरक्षण टिकटों के विक्रय समाप्त कर आम टिकटों की सुविधा को बहाल कर दिया है, अत: अब रेल मंत्री को वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराए में निरस्त की गई रियायत एवं दैनिक यात्रियों के लिए निरस्त की गई एमएसटी की सुविधा को भी पुन: बहाल कर देना चाहिए ताकि दोनों वर्गों के लोगों को रेल यात्रा में राहत हो। ज्ञापन सौंपते समय डॉ ज्ञानेंद्र पांडे, अशोक सक्सेना, एनपी चिमानिया, सीपी ठाकुर, एसके शर्मा, सुरेंद्र तोमर, सुरेश रघुवंशी, हेमंत भट्ट आदि उपस्थित रहे।
वरिष्ठ नागरिक मंच ने रेल मंत्री के नाम का ज्ञापन सौंपा
For Feedback - info[@]narmadanchal.com







