इटारसी। इटारसी तहसील में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन प्रक्रिया के दौरान एक सुनियोजित साजिश के तहत एक वर्ग विशेष के मतदाताओं को निशाना बनाने का आरोप लेकर मुस्लिम विकास परिषद और कांग्रेस ने एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन दिये हैं। बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी और मध्य प्रदेश मुस्लिम विकास परिषद के कार्यकर्ताओं ने तहसील कार्यालय पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और निष्पक्ष जांच की मांग की।
तहसील कार्यालय में आज उस समय अजीब स्थिति निर्मित हो गई जब कुछ ऐसे लोग भी पहुंचे जिनके नाम से आपत्तियां दर्ज कराई थीं। इन तथाकथित आपत्तिकर्ताओं का कहना था कि उनसे धोखे से कागजों पर हस्ताक्षर कराए हैं और उन्हें इस बात की जानकारी ही नहीं है कि उनके नाम का उपयोग किसी का वोट कटवाने के लिए किया जा रहा है। मुस्लिम विकास परिषद के नगर अध्यक्ष हाजी शेख रमजान ने पत्र के माध्यम से जिलाधीश को अवगत कराया कि पुश्तैनी निवासियों को गलत तरीके से निशाना बनाकर लोकतंत्र के अधिकार से वंचित करने का चक्रव्यूह रचा गया है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय और नगर अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने कड़े शब्दों में कहा कि विधानसभा क्षेत्र 137 और 138 में एक समुदाय विशेष को लक्षित करना न्यायसंगत नहीं है। चर्चा यह भी रही कि भाजपा को वोट न देने वाले मतदाताओं के नाम कटवाने की कोशिश की जा रही है। पांडेय ने चेतावनी देते हुए कहा, यदि शांतिपूर्ण जिले में धर्म के आधार पर माहौल बिगाडऩे का प्रयास किया गया तो हम चुप नहीं बैठेंगे। एक भी पात्र मतदाता का नाम कटा तो आंदोलन होगा।
एसडीएम नीलेश शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार ही कार्य होगा। उन्होंने कहा, किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम नहीं काटा जाएगा। यदि जांच में आपत्तियां गलत पाई गईं, तो संबंधितों पर कार्रवाई की जाएगी। तहसीलदार सुनीता साहनी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आपत्तिकर्ता और मतदाता दोनों को सुनवाई का अवसर दिया जाएगा। सात दिन का नोटिस देकर उन्हें बुलाया जाएगा और दस्तावेजों की जांच के बाद ही कोई निर्णय होगा। गलत जानकारी देने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई और एफआईआर भी दर्ज कराई जा सकती है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओम सेन, मोहन झालिया, मधुसूदन यादव, अभय दुबे, किसान नेता बाबू चौधरी, शेख रमजान, एडवोकेट संजय दुबे, ज्ञानेंद्र मालवीय, गुफरान अंसारी, विकास जैन, और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









