सिवनी मालवा। स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में शासकीय कन्या महाविद्यालय में सेवा सप्ताह उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार आयोजित इस विशेष सप्ताह के माध्यम से छात्राओं को स्वामी जी के जीवन दर्शन से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है।
प्रतियोगिताओं का दौर
- 6 जनवरी : निबंध लेखन के जरिए छात्राओं ने विवेकानंद के जीवन प्रसंगों को कलमबद्ध किया।
- 7 जनवरी : वाद-विवाद और भाषण प्रतियोगिता में युवा पीढ़ी के लिए विवेकानंद की प्रासंगिकता पर विचार साझा किए गए।
- 8 जनवरी : स्वच्छ राष्ट्र, स्वस्थ समाज विषय पर छात्राओं ने आकर्षक पोस्टर बनाकर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
प्राचार्य डॉ. उमेश कुमार धुर्वे ने छात्राओं को इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम प्रभारी धीरेन्द्र दुबे और आकांक्षा पाण्डेय ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें स्वामी जी के उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको के मंत्र को जीवन में उतारने की सीख दी। इस दौरान महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।








