इटारसी। सेवा भारती जिला नर्मदापुरम द्वारा संघ कार्यालय में संस्कार केंद्र की शिक्षिका दीदियों के लिए एक दिवसीय मासिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नर्मदापुरम, सिवनी मालवा और माखननगर की शिक्षिकाओं ने भाग लिया।
संस्कार केंद्र से होगा बस्तियों का कायाकल्प
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवा भारती के जिला अध्यक्ष सतीश सांवरिया, सचिव लक्ष्मण बैस, और विभाग समन्वय शिव प्रताप सिंह ने दीप प्रज्वलन कर किया। सतीश सांवरिया ने जिले में चल रहे सेवा कार्यों की जानकारी साझा करते हुए कहा कि संस्कार केंद्रों के माध्यम से ही सेवा बस्तियों को आदर्श बनाया जा सकता है। द्वितीय सत्र में अंजू पासी ने शिक्षिकाओं को पाठ्यक्रम का कंठस्तीकरण कराया।
आत्मनिर्भरता और सेवा पर जोर
समापन सत्र में शिव प्रताप सिंह और बाल कल्याण समिति सदस्य सारिका कटरे ने निवेदिता भारती, किशोर भारती और वैभवश्री जैसे प्रकल्पों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि साप्ताहिक बैठकों और नियमित प्रशिक्षण से बस्तियों को स्वावलंबी बनाया जा सकता है। इस अवसर पर संदीप रघुवंशी, लोकेश साहू, इटारसी नगर अध्यक्ष राजेंद्र तोमर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में जिला सचिव लक्ष्मण बैस ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।









