इटारसी। सेवा भारती, नर्मदापुरम द्वारा चलाए जा रहे ‘सुपोषण जागरूकता अभियान’ के छठवें दिन इटारसी के जयस्तंभ चौक पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान, भारत माता की भव्य आरती के बाद TRM हायर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों ने सुपोषण के महत्व पर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।
नुक्कड़ नाटक के जरिए बच्चों ने बताया कि संतुलित भोजन हमारे स्वास्थ्य के लिए कितना आवश्यक है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि खाने में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, विटामिन और खनिज जैसे सभी पोषक तत्व शामिल होने चाहिए। बच्चों ने समझाया कि यदि हम इन सभी तत्वों का सेवन करते हैं, तो हमारा शरीर पूरी तरह से स्वस्थ रहता है और बीमारियां हमसे दूर रहती हैं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में SDOP वीरेंद्र कुमार मिश्रा और थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला उपस्थित रहे। उनके साथ सेवा भारती जिलाध्यक्ष सतीश अग्रवाल और कई अन्य गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला पूर्ण कालिक देवेंद्र धुर्वे, नगर अध्यक्ष राजेंद्र तोमर, युवाम सेवा भारती के आशीष भदोरिया और तुषार कोठारी, नगर पालिका उपाध्यक्ष निर्मल सिंह राजपूत, और सेवा भारती के अन्य सदस्यों सहित स्कूल के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं का विशेष योगदान रहा।









