इटारसी। आदिम संस्कृति और सामाजिक एकजुटता के प्रतीक सात दिवसीय गोंडी कोयापुणेम का आयोजन ग्राम सोनतलाई में आगामी 17 जनवरी 2026 से 23 जनवरी तक होने जा रहा है। इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने के लिए आयोजकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा गांव-गांव जाकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
विभिन्न ग्रामों में पहुंचा प्रचार दल
आयोजन की पूर्व तैयारियों के तहत आज प्रचार दल ने टांगना, पारछा भाग-2, मातापुरा और तीखड़ जैसे क्षेत्रों का दौरा किया। टोली के सदस्यों ने घर-घर जाकर सगाजनों को पीले चावल और आमंत्रण पत्र भेंट किए। इस दौरान समाज के युवाओं और वरिष्ठ जनों में भारी उत्साह देखा गया।
प्रचार अभियान में सक्रिय रहे ये साथी
जनसंपर्क अभियान में मुख्य रूप से मंगलसिंग कुमरे तीखड़, सिद्धार्थ भल्लावी, संजय भाई और प्रहलाद धुर्वे तीखड़ सक्रिय रहे। इनके साथ ही इटारसी से आकाश कुशराम, सुनील परते, विवेक युवने और सचिन प्रधान ने भी प्रचार में अपना विशेष सहयोग प्रदान किया। सोनतलाई ग्राम से राजकुमार उईके, राघवेन्द्र उईके, दीपक पदराम और अतुल उईके सहित अन्य युवाओं ने कमान संभाल रखी है।
आयोजन समिति द्वारा ग्राम सोनतलाई में आयोजित होने वाले इस सात दिवसीय गोंडी कोयापुणेम के लिए समस्त सामाजिक सगाजन, मातृशक्ति, पितृशक्ति और युवा साथियों को सादर आमंत्रित किया गया है। समिति का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य गोंडी संस्कृति का संरक्षण और समाज में आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना है।








