इटारसी। गोंड समाज जन जागृति संस्था ग्राम घोघरी के तत्वावधान में इस वर्ष भी जनजातीय परंपराओं और संस्कृति के संरक्षण हेतु शिव-पार्वती आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। 26 अप्रैल, रविवार को होने वाले इस सम्मेलन का यह 11 वा वर्ष है, जिसे लेकर क्षेत्र के आदिवासी समाज में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
धार्मिक और सांस्कृतिक विचारों का होगा संगम
यह आयोजन केवल विवाह तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे धार्मिक, सांस्कृतिक व सामाजिक विचार सम्मेलन के रूप में मनाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य समाज में एकता, सहयोग और भाईचारे की भावना विकसित करने के साथ-साथ समाज को फिजूलखर्ची और कर्ज के चंगुल से बचाना है।
आयोजन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी
26 अप्रैल , रविवार को यह आयोजन अर्धनारेश्वर बड़ादेव पेनठाना आश्रम, ग्राम घोघरी, ग्राम पंचायत गजपुर, तहसील इटारसी में होगा। यहां बड़ादेव पूजन सुबह 09 से 11 बजे तक चलेगा। पंजीयन शुल्क वर पक्ष के लिए 2100 और वधु पक्ष के लिए 1100 निर्धारित किया गया है। पंजीयन की तिथि 11 अप्रैल से 21 अप्रैल तक रहेगी।
नियम, शर्तें और सुविधाएं
आयोजन समिति ने सम्मेलन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कुछ विशेष नियम बनाए हैं। वर की आयु 21 वर्ष और वधु की आयु 18 वर्ष होना अनिवार्य ह, पंजीयन हेतु आधार कार्ड, अंकसूची और दो फोटो अनिवार्य हैं, पूरा कार्यक्रम गोंडी संस्कृति और रीति-रिवाज से संपन्न होगा। कार्यक्रम में नशा करके आना सख्त मना है। समिति द्वारा वधु को गृहस्थी के लिए 7 बर्तन, चांदी का मंगलसूत्र और बिछिया प्रदान किए जाएंगे। साथ ही विवाह मंडप और भोजन की व्यवस्था समिति द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम के प्रेरणास्रोत गोंडवाना रत्न तिरुमाल हीरासिंह मरकाम हैं।








