- शिव महापुराण कथा के छठवें दिन उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
इटारसी। ग्राम सनतलाई में यादव परिवार द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा के छठवें दिन श्रद्धालु शिव भक्ति के रंग में डूबे नजर आए। कथा व्यास युवा आचार्य पंडित सौरभ दुबे ने भगवान शिव के महिमा का वर्णन करते हुए मोक्ष प्राप्ति के मार्ग पर प्रकाश डाला।
कलयुग में भक्ति और सत्कर्म अनिवार्य
आचार्य दुबे ने श्रोताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान शिव ब्रह्मांड के ऐसे देवता हैं, जो साकार और निराकार दोनों रूपों में विद्यमान हैं। वे अपनी तपस्या से संसार का संचालन करते हैं और अधर्म बढऩे पर अपने तीसरे नेत्र से उसका विनाश करते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि, वर्तमान युग में मनुष्य को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सत्कर्म की राह नहीं छोडऩी चाहिए।
जीवन के अंतिम समय में केवल शिव भक्ति और सत्कर्म ही आत्मा को परमात्मा से जोड़ते हैं और मोक्ष प्रदान करते हैं।
धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालु शिव चर्चा सुनने पहुंचे। कथा के दौरान भजनों पर भक्त झूमते नजर आए। यादव परिवार ने बताया कि इस भव्य आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र में सुख-शांति और धार्मिक चेतना का विस्तार करना है।








