इटारसी। भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय, सुखतवा में 1 से 7 सितंबर तक मनाए जा रहे पोषण आहार सप्ताह के अंतर्गत ‘मोटे अनाज और स्वस्थ समाज’ विषय पर एक निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता का आयोजन प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत के संरक्षण, एनएसएस प्रभारी डॉ. राधा आशीष पांडे के मार्गदर्शन तथा स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रभारी श्रीमती संध्या उपाध्याय और आयुष सादराम के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर, महाविद्यालय की प्राचार्य ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ रहने के लिए हमें पश्चिमी भोजन से दूर रहकर देशी भोजन को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश में रहने के कारण हमें देशी भोजन से सभी विटामिन, प्रोटीन और मिनरल सात्विक रूप से प्राप्त होते हैं।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राधा आशीष पांडे ने बताया कि मैदा से बनी चीजें, जैसे पिज्जा और समोसे, स्वाद में तो अच्छी होती हैं, लेकिन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होती हैं। इसलिए हमें इनसे दूर रहकर देशी अनाज की तरफ रुख करना चाहिए। श्रीमती संध्या उपाध्याय ने भी मोटे अनाज के महत्व पर जोर दिया। इस प्रतियोगिता में कु. शिवानी धुर्वे ने प्रथम, कु. स्नेहा मांडवी ने द्वितीय, तथा प्रज्ञा और महिमा ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में 25 विद्यार्थियों ने भाग लिया। संचालन डॉ. सतीश ठाकरे ने और आभार आयुष सादराम ने व्यक्त किया।









