शिवपुर। नववर्ष 2026 के प्रथम दिन नर्मदापुरम पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शिवपुर को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर एक युवक को भारी मात्रा में अवैध देशी शराब का परिवहन करते हुए रंगे हाथों पकड़ा है।
पुलिस ने बनाडा बस स्टैंड के पास सिवनी मालवा-बाबरी रोड पर कार्रवाई करते हुए शांति लाल (31 वर्ष), पिता देवलाल बकोरिया, निवासी ग्राम बाबरी को हिरासत में लिया। आरोपी के कब्जे से 350 क्वार्टर देशी मदिरा (मसाला) और तस्करी में प्रयुक्त एक होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
जब्त की गई शराब और वाहन की कुल कीमत लगभग 70,000 रुपए आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह यह शराब इटारसी से खरीदकर लाया था। पुलिस ने आरोपी शांति लाल के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 01/2026 पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है। इस सफल कार्रवाई में एएसआई अनिल ठाकुर, प्रधान आरक्षक विशाल, आरक्षक ओमप्रकाश, शिवम, सुनील विश्वकर्मा और दीपक की विशेष भूमिका रही।








