इटारसी/शिवपुर। नर्मदापुरम जिले की शिवपुर थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में तत्परता दिखाते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल और साक्ष्य मिटाने के लिए फेंकी गई नंबर प्लेट भी बरामद कर ली है।
क्या था पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, फरियादी रामदास 37 वर्ष, निवासी बाबडिय़ा भाऊ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 3:15 से 4 बजे के बीच फरीदपुर रोड से उनके साले राजेंद्र पवार की काले रंग की हीरो स्प्लेंडर एमपी 05 जेड ए 9014 चोरी हो गई थी। काफी तलाश के बाद जब बाइक का पता नहीं चला, तो पुलिस ने 15 जनवरी को धारा 303 (2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी
थाना प्रभारी विवेक यादव के नेतृत्व में टीम गठित कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक चोरी की बाइक के साथ ग्राम चापड़ाग्रहण के पास देखा गया है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर अजय केवट उर्फ प्रदीप 25 वर्ष, निवासी सिवनी मालवा को हिरासत में लिया।
पूछताछ में हुआ खुलासा
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी अजय ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने अपने साथी अमन बाडीवा 19 वर्ष के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए बाइक की नंबर प्लेट निकालकर फेंक दी थी, जिसे पुलिस ने उनकी निशानदेही पर बरामद कर लिया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी विवेक यादव के साथ टीम के सदस्य विशाल भदौरिया, रविन्द्र यादव, पवन तिवारी, विवेक तिवारी, ओमप्रकाश जाट, राहुल लखोरे, दीपक प्रजापति, विष्णु सनकत और प्रीति चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।








