इटारसी। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी श्री गौड़ मालवीय ब्राह्मण समाज संगठन, इटारसी द्वारा आराध्य भगवान विश्वकर्मा का जन्मोत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम इटारसी की साईं की बगिया में आयोजित किया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आरंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।
इस आयोजन में समाज के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अतिथियों का सम्मान इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक डॉ.सीतासरन शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, नगर पालिका उपाध्यक्ष निर्मल सिंह राजपूत, मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे, एसडीओपी वीरेंद्र मिश्रा, और इटारसी थाना प्रभारी गौरव बुंदेला उपस्थित रहे। इनके अलावा, राष्ट्रीय महासभा के अध्यक्ष अर्जुन मालवीय, मीडिया प्रभारी सोनू मालवीय, और नर्मदापुरम महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती पूजा मालवीय भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

सभी अतिथियों का स्वागत वरिष्ठ मंडल के अध्यक्ष प्रेम नारायण मालवीय, महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती अर्चना राजेश कुमार, और संगठन के अन्य सदस्यों ने किया। मंच से सभी अतिथियों ने समाज के प्रयासों की सराहना की और अपने विचार व्यक्त करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। वरिष्ठों का सम्मान कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ और वृद्ध लोगों का सम्मान किया गया, जो समाज में उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता दर्शाने का एक महत्वपूर्ण हिस्सा था। यह आयोजन समाज में एकता और सम्मान की भावना को मजबूत करने का एक सफल प्रयास रहा।









