इटारसी। धर्म और आस्था के महापर्व दीपावली के अगले दिन, गोवर्धन पूजा का पावन पर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। इसी क्रम में, ठाकुर श्री द्वारिकाधीश मंदिर समिति एवं जनसहयोग द्वारा संचालित श्रीजी कृपा गौशाला, न्यास कॉलोनी इटारसी में विशेष पूजा का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
22 अक्टूबर, बुधवार को प्रात: 10:30 बजे से श्री गोवर्धन जी की पूजा का कार्यक्रम शुरू होगा। गौशाला समिति ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से इस कार्यक्रम में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का निवेदन किया है।
‘गिरिराज धरण प्रभु तुम्हरी शरण’ के जयकारों के साथ गोवर्धन पर्वत की प्रतिकृति बनाकर उनकी पूजा-अर्चना की जाएगी। यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण द्वारा इंद्र के अहंकार को तोड़कर गोवर्धन पर्वत को अपनी उंगली पर उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा करने की कथा से जुड़ा हुआ है।
श्रीजी कृपा गौशाला समिति ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य गौ माता के प्रति श्रद्धा व्यक्त करना और क्षेत्र की गौशाला को सहयोग प्रदान करना है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उपस्थित होने की संभावना है।








