इटारसी। श्री गुरुनानक कप सीजन 2 क्रिकेट प्रतियोगिता के चौथे दिन कुल तीन रोमांचक मैच खेले गए। इन मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडियन हैदरी क्लब ने अपने दोनों मैच जीतकर टूर्नामेंट के सेमी-फाइनल में प्रवेश कर लिया, जबकि इटारसी क्लब ने भी एक जीत दर्ज कर दूसरे दौर में जगह बनाई।
प्रतियोगिता के आयोजक मन्नी छाबड़ा ने बताया कि शनिवार को पहला मैच विल्स क्लब खेड़ा और इटारसी क्लब के बीच खेला गया। विल्स क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 63 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में, इटारसी क्लब ने टोनो के 34 रनों की आक्रामक पारी की मदद से यह मैच 5 ओवर में आसानी से जीत लिया और अगले दौर में प्रवेश किया। दूसरा मैच इंडियन हैदरी क्लब और बी बॉयज के बीच खेला गया। इंडियन हैदरी ने पहले बैटिंग करते हुए अभिषेक के शानदार 52 रन और सचिन नेपाली के 43 रनों की बदौलत 112 रनों का विशाल लक्ष्य रखा।

जवाब में बी बॉयज के शुभम मलिक ने 30 रन बनाए, लेकिन उनकी टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाई और इंडियन हैदरी ने जीत दर्ज की। सबसे महत्वपूर्ण और तीसरे मैचमें इंडियन हैदरी क्लब और इटारसी क्लब के बीच 6-6 ओवर का चौथा क्वार्टर फाइनल था। इंडियन हैदरी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 86 रनों का लक्ष्य रखा। इसमें अभिषेक ने 18 गेंदों पर धुआंधार 56 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए इटारसी क्लब का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और टीम महज 55 रनों पर सिमट गई। इंडियन हैदरी के तन्मय ने 2 विकेट लिए। इस जीत के साथ इंडियन हैदरी क्लब टूर्नामेंट की चौथी टीम के रूप में सेमीफाइनल में पहुंच गया। आयोजक मन्नी छाबड़ा ने बताया कि कल, रविवार के दिन, टूर्नामेंट के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले और फाइनल मैच खेला जाएगा।








