इटारसी। पूज्य पंचायत सिंधी समाज के तत्वावधान में झूलण सेवा समिति द्वारा आयोजित भगवान श्री झूलेलाल चालीहा व्रत महोत्सव का समापन 31 अगस्त को होगा। यह चालीहा व्रत महोत्सव 22 जुलाई से शुरू हुआ था।
झूलण सेवा समिति के संस्थापक गोपाल सिद्धवानी ने बताया कि महोत्सव के समापन से पहले, कल यानी शनिवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। पहली बार, 101 ब्राह्मणों को दोपहर 12 बजे ब्राह्मण भोज कराया जाएगा। इसके अलावा, रात 9:30 बजे गुजरात के भरूच से ठकुर साईं मनीष लाल का आगमन झूलेलाल मंदिर में होगा। भव्य शोभायात्रा और विसर्जन महोत्सव का समापन रविवार, 31 अगस्त को बड़े ही धूमधाम से किया जाएगा।
इस दिन सुबह 9 बजे अख्खा साहेब का कार्यक्रम होगा, जिसके बाद 1:30 बजे महाआरती और दोपहर 2 बजे से भंडारा आयोजित किया जाएगा। शाम 4:30 बजे, सिंधी कॉलोनी स्थित भगवान श्री झूलेलाल मंदिर से एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो पूरी सिंधी कॉलोनी का भ्रमण करेगी। इसके बाद, 25 बहराणा साहिब की पूजा-अर्चना ठकुर साईं मनीष लाल के सानिध्य में की जाएगी। शोभायात्रा के बाद, ज्योत का विसर्जन करने के लिए सभी लोग होशंगाबाद के सेठानी घाट के लिए रवाना होंगे। सिंधी समाज की एकता और धार्मिक आस्था का प्रतीक इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग हिस्सा लेंगे।










