सिवनी मालवा। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी सिवनी मालवा में श्री रामदेव बाबा की विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। बाबा के अनन्य भक्त संजीत अग्रवाल ने बताया कि यह शोभायात्रा कल, 2 सितंबर को मंगलवार के दिन, भाद्रपद शुक्ल दशमी के अवसर पर निकाली जाएगी।
शोभायात्रा दोपहर 12:30 बजे सरस्वती परिसर स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर से शुरू होगी और बाबा रा देवरा भीलटदेव पहुंचकर समाप्त होगी। इस शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण हैदराबाद के भजन गायक अनिरुद्ध शर्मा होंगे, जो बाबा के भजनों की मनमोहक प्रस्तुति देंगे। शोभायात्रा से पहले, मंदिर परिसर को फूलों, मालाओं, गुब्बारों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जाएगा। इसके साथ ही, बाबा रामदेव का मनमोहक श्रृंगार भी किया जाएगा।
शोभायात्रा के बाबा रा देवरा पहुंचने पर महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसके बाद भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाएगा। आयोजकों ने सभी धर्म प्रेमियों से आग्रह किया है कि वे इस शोभायात्रा में शामिल होकर बाबा के दर्शन, भजन और धर्म का लाभ उठाएं।









