इटारसी। नगर के मालवीयगंज स्थित श्री बूढ़ी माता शक्तिधाम में आस्था और भक्ति का भव्य समागम होने जा रहा है। इस वर्ष मंदिर समिति द्वारा अपने 51वें वर्ष के उपलक्ष्य में श्री शतचंडी महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत सोमवार, 26 जनवरी से होगी।
कलश यात्रा के साथ होगा भव्य शुभारंभ
महायज्ञ के शुभारंभ पर सोमवार सुबह 10:30 बजे एक विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी। मंदिर समिति के सचिव जगदीश मालवीय ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कलश यात्रा मां काली दरबार गुरुनानक दाल मिल के पास से प्रारंभ होकर श्री नवग्रह दुर्गा मंदिर, बालाजी मंदिर चौराहा, आजाद पंजा चौराहा और बाइबिल कॉलेज चौराहे से होते हुए श्री बूढ़ी माता मंदिर परिसर में समापन होगा।
मंदिर समिति ने शहर के सभी श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी जनता से अनुरोध किया है कि वे इस भव्य कलश यात्रा और महायज्ञ में बड़ी संख्या में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित करें। 51वें वर्ष के इस विशेष आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।










