इटारसी। महाशिवरात्रि के पावन पर्व के उपलक्ष्य में इंदिरा कॉलोनी स्थित श्री सिद्धि दात्री मंदिर में भक्तिमय वातावरण के बीच हल्दी महोत्सव संपन्न हुआ। श्री सिद्धि दात्री महिला मंडल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाओं ने भाग लिया।
भजन-कीर्तन से गुंजायमान हुआ मंदिर
कार्यक्रम के दौरान महिला मंडल की सदस्यों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया और उन्हें हल्दी अर्पित की। भक्ति गीतों और भजनों की प्रस्तुति ने माहौल को शिवमय बना दिया। समिति की सदस्य श्रीमती प्रभा धारगा ने बताया कि यह आयोजन हर वर्ष की तरह इस बार भी हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा
भगवान शिव और माता पार्वती के विवाहोत्सव के क्रम में आज मंदिर परिसर में मेहंदी उत्सव का आयोजन किया शनिवार को भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात निकाली जाएगी। 15 फरवरी को भंडारे के साथ महाशिवरात्रि उत्सव का समापन होगा। महिला मंडल ने नगर के सभी श्रद्धालुओं को इन धार्मिक आयोजनों में सम्मिलित होने का आग्रह किया है।









