इटारसी। न्यास कॉलोनी स्थित वृंदावन गार्डन में महामंडलेश्वर भैयादास महाराज के सानिध्य में सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। शुक्रवार सुबह गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में मातृशक्ति और धर्मप्रेमी शामिल हुए।
ब्रजभूमि गोवर्धन से पधारीं कथा व्यास साध्वी राधा देवी ने प्रथम दिन भागवत महात्म्य बताते हुए कहा कि यह कथा जीवन की व्यथा मिटाती है। उन्होंने धुंधकारी का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि सच्ची श्रद्धा हो तो पापी भी भवसागर पार हो जाता है। उन्होंने जोर दिया कि बच्चों को कथा से जोड़ना जरूरी है क्योंकि यहीं से संस्कार और जीवन जीने की कला मिलती है। कथा हमें मातृभूमि और मानवता से प्रेम करना सिखाती है।
आयोजन समिति के सदस्य जसवीर सिंह छाबड़ा ने बताया कि कथा प्रतिदिन दोपहर 1 से शाम 6 बजे तक वृंदावन गार्डन में होगी। आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में शांति, सद्भाव और धार्मिक चेतना का विस्तार करना है।









