इटारसी। पुलिस ने 24 दिसंबर 24 की रात करीब 3 बजे हुई ईदानी डेरे पर हमला और मासूम अली की हत्या करने के मामले में छटवी गिरफ्तारी की है। पुलिस ने मासूम की हत्या के प्रमुख आरोपी काजिम अली ईरानी को गिरफ्तार किया है। टीआई गौरव सिंह बुंदेला के अनुसार ईरानी डेरे पर हमला और मासूम ईरानी की हत्या मामले में मुखबिर की सूचना पर 10 हजार रुपए के ईनामी आरोपी काजिम अली को गिरफ्तार किया है।
उल्लेखनीय है कि 24 दिसंबर की रात करीब 3 बजे कुछ लोगों ने हथियारों के साथ ईरानी डेरे पर हमला कर दिया था। इस हमले में आधा दर्जन लोग घायल हुए और मासूम अली की मौत हो गई थी। यह विवाद ईरानी डेेरे की एक लड़की के भागने से शुरू हुआ। घटना से करीब एक महीने पहले इटारसी के ईरानी डेरे की एक लड़की नर्मदापुरम के ईरानी डेरे के अबूजर नाम के युवक के साथ भाग गई थी। डेरे वालों का आरोप था कि अबूजर ने लड़की को बहला-फुसलाकर शादी की है।
नर्मदापुरम थाने में लड़की की नानी और अबूजर के नाना के बीच विवाद होने के बाद से दोनों परिवारों में रंजिश चल रही थी। हमले में मुख्य आरोपी शब्बीर है, जो अबूजर का नाना है। अन्य आरोपियों में सलीम, माशा अल्लाह, काजिम, फतेह, बेनजीर, याफर, मोहम्मद और नर्गिस उर्फ चौकरा शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है, और करीब दस लोगों की गिरफ्तारी होना अभी शेष है।







