इटारसी। न्यूयार्ड के इंदिरा नगर में गुरुवार रात विनोद रजने के घर कुछ दिन पहले लगा स्मार्ट मीटर अचानक शॉर्ट सर्किट की वजह से जल गया। हादसे के बाद रातभर घर में बिजली गुल रही, जिससे परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद न सिर्फ घरों के बिजली बिलों में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिली, बल्कि अब मीटर जलने जैसी घटनाएं भी चिंता का विषय बनती जा रही हैं।
परिवार ने कई बार विद्युत विभाग को लाइट जाने की शिकायत की, लेकिन कर्मचारियों ने रात में आने से इनकार कर दिया और सुबह तक इंतजार करने को कहा। सुबह जब विभाग का लाइनमैन पहुंचा, तो उसने देखा कि मीटर पूरी तरह जल चुका है। अभी तक घर में नया मीटर नहीं लगाया गया है, और उपभोक्ताओं से दोबारा कंप्लेंट दर्ज करने को कहा गया है। लोगों ने मांग की है कि स्मार्ट मीटर की गुणवत्ता की जांच हो और उपभोक्ताओं की शिकायतों का समय पर समाधान किया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या न हो।








