इटारसी। सामाजिक कार्यकर्ता मनीष ठाकुर ने इटारसी के बस स्टैंड की सफाई व्यवस्था को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की है और संबंधित अधिकारियों सफाई के नाम पर जुर्माना वसूलना गलत बताया, साथ ही बस स्टैंड पर अतिक्रमण और रखरखाव की दिशा में आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
ठाकुर ने बताया कि बस स्टैंड पर अक्सर गंदगी का अंबार लगा रहता है, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी होती है। उन्होंने विशेष रूप से शौचालयों की दयनीय स्थिति और जगह-जगह कूड़े के ढेर की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि यह स्थिति यात्रियों के स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक हो सकती है।
मनीष ठाकुर ने प्रशासन से आग्रह किया है कि वे बस स्टैंड पर नियमित सफाई सुनिश्चित करें, कूड़ेदानों की पर्याप्त व्यवस्था करें और शौचालयों की स्थिति में सुधार करें। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाए और उनकी कार्यप्रणाली की नियमित निगरानी की जाए। उनकी इस मांग का उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण प्रदान करना है, जिससे इटारसी बस स्टैंड की छवि भी बेहतर हो सके।









